RANCHI: झारखंड स्थापना दिवस समारोह के बीच राज्य में विरोध और सियासत का माहौल गर्माता नजर आ रहा है. आदिवासी संगठनों ने 28 नवंबर को प्रस्तावित झारखंड बंद वापस लेने का फैसला किया है. हालांकि, संगठनों ने अपना विरोध समाप्त नहीं किया है.अब राज्यभर में 28 नवंबर को काला दिवस मनाने का ऐलान किया गया है. इसके तहत आदिवासी समुदाय के लोग काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। साथ ही, विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन कर अपना आक्रोश जाहिर किया जाएगा.
आदिवासी संगठनों ने रांची के ऑक्सीजन पार्क में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंद वापस लेने की घोषणा की। संगठनों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को पुलिस हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने के बाद बंद वापस लेने का निर्णय लिया गया. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद वापस लेने का अर्थ आंदोलन समाप्त होना नहीं है. 28 नवंबर को राज्यभर में शांतिपूर्ण तरीके से काला दिवस मनाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा.
15 नवंबर को स्थापना दिवस नहीं मनाने पर नाराजगी
आदिवासी संगठनों की नाराजगी की मुख्य वजह 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस नहीं मनाया जाना है. संगठनों का आरोप है कि इस दिन स्थापना दिवस समारोह आयोजित नहीं करना भगवान बिरसा मुंडा, झारखंड की ऐतिहासिक पहचान और राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले वीर शहीदों के बलिदान का अपमान है.
उनका कहना है कि 15 नवंबर केवल एक तारीख नहीं, बल्कि झारखंड के अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आने और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा ऐतिहासिक दिन है. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ही वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य बना था। ऐसे में इस दिन को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए. इसी मुद्दे को लेकर आदिवासी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी. पहले 28 नवंबर को झारखंड बंद का आह्वान किया गया था, लेकिन अब बंद वापस लेकर काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है.
काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे आदिवासी समुदाय के लोग
काला दिवस के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में आदिवासी समुदाय के लोग अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे. इसके अलावा कई स्थानों पर पुतला दहन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. संगठनों का उद्देश्य स्थापना दिवस से जुड़े अपने विरोध और असंतोष को व्यापक स्तर पर सामने लाना है. बंद वापस लिए जाने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन काला दिवस के ऐलान के कारण राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन की संभावना बनी हुई है. प्रशासन के सामने अब कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की चुनौती होगी.
स्थापना दिवस समारोह को लेकर रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दूसरी ओर, 28 नवंबर को राजधानी रांची के खेलगांव में झारखंड स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाना है. काला दिवस के विरोध प्रदर्शन और सरकारी समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रशासन की ओर से करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें 15 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भी शामिल हैं. संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की तैयारी की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
एक ही दिन आमने-सामने होंगे विरोध और सरकारी समारोह
28 नवंबर को झारखंड में एक ओर राज्य स्थापना दिवस का सरकारी समारोह आयोजित होगा, तो दूसरी ओर आदिवासी संगठन काला दिवस मनाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे. बंद वापस लेने के बावजूद संगठनों के आंदोलन जारी रखने के फैसले ने इस पूरे घटनाक्रम को महत्वपूर्ण बना दिया है. अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किस तरह होते हैं और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्थिति को कैसे संभालता है.
