RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पंडरा ओपी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बालू लदे हाईवा की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. मृतकों की पहचान आशीष तिर्की और अमन बरला के रूप में हुई है. दोनों की उम्र महज 18 और 19 वर्ष बताई जा रही है.
लेकिन इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल सिर्फ दुर्घटना का नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों का है, जिनके बीच राजधानी की सड़कों पर भारी वाहन दौड़ रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि जिस हाईवा की चपेट में आने से दोनों युवकों की जान गई, उसमें बालू लदा हुआ था और वाहन तेज रफ्तार में था. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बालू ढुलाई की आड़ में यातायात नियमों और आम लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है?
बालू लदे हाईवा की रफ्तार ने ली दो युवकों की जान!
जानकारी के अनुसार, पंडरा ओपी क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाईवा और दूसरे भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. कई वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जबकि सड़क के आसपास भारी वाहनों को खड़ा किए जाने और निर्माण सामग्री रखे जाने से भी आम लोगों को परेशानी होती है.

ग्रामीणों के आरोपों ने अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर इन भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की जिम्मेदारी किसकी है? क्या सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं? और क्या हादसे से पहले प्रशासन को इन समस्याओं की जानकारी नहीं थी?
हादसे के बाद ग्रामीणों ने खोली व्यवस्था की पोल, DC-SSP से आठ मांगें
दो युवकों की मौत के बाद मृतक परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों ने उपायुक्त के नाम आवेदन देकर आठ प्रमुख मांगें रखी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल दो परिवारों को मुआवजा देने का मामला नहीं है, बल्कि इलाके में लगातार बढ़ते सड़क हादसों और भारी वाहनों से पैदा हो रहे खतरे का स्थायी समाधान भी जरूरी है.आवेदन में ग्रामीणों ने मांग की है कि दोनों मृतकों के शव तत्काल घटनास्थल पर लाए जाएं और दुर्घटनाग्रस्त हाईवा के चालक तथा वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
इसके अलावा दोनों परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की मांग की गई है. ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि उपायुक्त या वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचें और उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन दें अथवा आवेदन की विधिवत पावती उपलब्ध कराएं.

₹10-10 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग
मृतक परिवारों की आर्थिक स्थिति और भविष्य को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रत्येक परिवार को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की ह.साथ ही दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग भी आवेदन में शामिल है.
ग्रामीणों का तर्क है कि कम उम्र में दोनों युवकों की मौत से परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में केवल तत्काल सहायता पर्याप्त नहीं होगी. प्रशासन को परिवारों के भविष्य और भरण-पोषण की जिम्मेदारी को भी गंभीरता से लेना चाहिए.
ITI बस स्टैंड से कटहल मोड़ तक हाईवा की पार्किंग पर रोक लगाने की मांग
इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने एक अहम मुद्दा उठाया है. उन्होंने आईटीआई बस स्टैंड से कटहल मोड़ चौक तक हाईवा और दूसरे भारी वाहनों की सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह बंद कराने की मांग की है. इसके साथ ही इलाके में आवश्यकता के अनुसार जगह-जगह स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की गई है, ताकि भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण किया जा सके.

इतना ही नहीं, पिस्का मोड़ से कटहल मोड़ तक बालू, ईंट और गिट्टी जैसी निर्माण सामग्री की अव्यवस्थित डंपिंग पर भी रोक लगाने की मांग की गई है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे निर्माण सामग्री गिराने और भारी वाहनों को खड़ा करने से आवागमन प्रभावित होता है. इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती है.
बड़ा सवाल: आखिर कब जागेगा प्रशासन?
दो युवकों की मौत के बाद अब ग्रामीणों की मांग सिर्फ मुआवजे तक सीमित नहीं है. वे चाहते हैं कि इलाके में भारी वाहनों की आवाजाही, उनकी गति, पार्किंग और निर्माण सामग्री की डंपिंग को लेकर ठोस नियम लागू किए जाएं. यह सवाल भी अहम है कि बालू ढोने वाले भारी वाहनों की गति और परिचालन पर निगरानी के लिए प्रशासन ने क्या व्यवस्था की है? क्या नियमित जांच होती है? क्या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाती है?

दो परिवारों के घरों के चिराग बुझ चुके हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इस हादसे को महज एक सड़क दुर्घटना मानकर आगे बढ़ जाता है या फिर ग्रामीणों की आठ मांगों पर कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाता है. क्योंकि सड़क पर दौड़ते भारी वाहनों की रफ्तार अगर इसी तरह अनियंत्रित रही, तो अगला हादसा किस परिवार को उजाड़ देगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है.
