DUMKA : झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध रविवार शाम हिंसक हो गया. शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा कल्याणपुर में कोल ब्लॉक इलाके में पहुंचे कंपनी के अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर ही ग्रामीणों ने पत्थर और डंडों से हमला कर दिया. इस घटना में कुल 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
कंपनी के अधिकारियों के पहुंचते ही भड़का विरोध, पुलिस पर बरसे पत्थर और डंडे
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम कोल कंपनी के अधिकारी प्रस्तावित कोल ब्लॉक क्षेत्र में पहुंचे थे. उनके वहां पहुंचने की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में मौके पर तनाव बढ़ गया. हालात बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहुंची.
इसी दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए पत्थर और डंडों से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए. इनमें दो जवानों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद सभी घायलों को देर रात शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घायल पुलिसकर्मियों में फूल कुमार यादव (34), आनंद मुर्मू (24), एएसआई सोमाय किस्कू, चार्लेस मुर्मू (37), सनोज मरांडी (22), सुजीत सोरेन (23), अनिल दास (55), शिवजी यादव (43), श्याम सुंदर साह (50), अल्बर्ट एक्का (40), दीप नारायण मंडल (38) और सुनील हांसदा (41) शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : छात्रों की महापंचायत से आंदोलन 2.0 का आगाज, सरकार को घेरने की तैयारी
अस्पताल पहुंचे डीडीसी, बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश
घटना की जानकारी मिलने के बाद उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिकेत सचान अस्पताल पहुंचे. वह फिलहाल उपायुक्त के प्रभार में भी हैं. उन्होंने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
गौरतलब है कि प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में पहले से नाराजगी है. रविवार को कंपनी के अधिकारियों के पहुंचने के बाद शुरू हुआ विरोध पुलिस पर हमले तक पहुंच गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. अब इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर है. वहीं, प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी और विरोध के कारणों को लेकर भी मामला चर्चा में है.
