RAMGARH : झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही मृतकों के परिजनों और घायल व्यक्ति के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. वहीं, दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी.
Distressed to learn about the tragic mishap in the Ramgarh district of Jharkhand. My condolences to the bereaved families in this hour of grief. May the injured recover at the earliest.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each of those who…
— PMO India (@PMOIndia) November 29, 2026
रामगढ़ में भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत
रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर पैंकी गांव के पास हुई दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई. हादसे में मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे और मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे. हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए दर्दनाक हादसे की खबर से वह बेहद दुखी हैं. इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की. प्रधानमंत्री की ओर से घोषित सहायता के तहत मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
हादसे के बाद शोक की लहर
रामगढ़ में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद शोक की लहर है. हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. प्रधानमंत्री की ओर से घोषित आर्थिक सहायता इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को कुछ राहत देने के उद्देश्य से दी जाएगी.
