RANCHI : झारखंड सरकार ने हाल ही में 36 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग से जुड़ी अधिसूचना में संशोधन करते हुए नई सूची जारी की है. सरकार ने इसे “टाइपिंग एरर” बताते हुए कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है. संशोधित अधिसूचना कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी की गई है. नई अधिसूचना में मुख्य रूप से 2015 बैच के आईएएस नीरज कुमार सिंह और जाधव विजया नारायण राव की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. वहीं 2012 बैच के अजय नाथ झा और 2018 बैच की आईएएस समीरा एस को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं. इसके अलावा 2013 बैच के आईएएस आदित्य कुमार आनंद को भी नई जिम्मेदारी दी गई है.
इसे भी पढ़े : रांची में 25 से 28 मई तक बारिश की संभावना

संशोधित आदेश के अनुसार, नीरज कुमार सिंह को पहले उत्पाद आयुक्त बनाया गया था, लेकिन अब उन्हें अपर सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. साथ ही उनके पास झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा. वहीं श्रमायुक्त संदीप सिंह को उत्पाद आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.जाधव विजया नारायण राव को पहले महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया था, लेकिन संशोधित अधिसूचना में उन्हें योजना एवं विकास विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया हैं.
इसे भी पढ़े : पेट्रोल ₹7.38 और डीजल ₹7.76 महंगा, रांची में बढ़ती कीमतों से लोग परेशान
