RANCHI : निशिकांत दुबे सोमवार को देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने एम्स के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. देवघर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एसआईआर, विपक्ष और राज्यसभा चुनाव को लेकर कई तीखे बयान दिए. एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल बांग्लादेशियों को भारत का वोटर बनाना चाहते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी उनकी इस कोशिश को कभी सफल नहीं होने देगी.
इसे भी पढ़े : झारखंड में IAS अधिकारियों की पोस्टिंग में संशोधन, टाइपिंग एरर के बाद नई अधिसूचना जारी

राज्यसभा चुनाव पर भी दिया बड़ा संकेत
उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट होकर राजनीति कर रहा है. उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने भी इसी तरह की राजनीति की थी, जिसका असर अब वहां की जनता देख रही है. दुबे ने दावा किया कि पुनर्मतदान के बाद आए नतीजों में भाजपा को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से जीत मिली, जो यह दिखाता है कि जनता एसआईआर के समर्थन में है.
इसे भी पढ़े : राज्यसभा सीट को लेकर JMM में मंथन, नाथवाणी समेत कई नाम चर्चा में
वहीं रायबरेली में राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “गद्दार” कहे जाने के सवाल पर भी निशिकांत दुबे ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता. कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी से आग्रह करेंगे कि राहुल गांधी का इलाज कराया जाए. हालांकि झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर निशिकांत दुबे सीधे तौर पर ज्यादा कुछ बोलने से बचते नजर आए, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि दोनों सीटों पर भाजपा की जीत होगी. उन्होंने कहा कि राज्य के विधायक और सरकार में शामिल लोग भी समझ चुके हैं कि देश का भविष्य भाजपा के साथ है. साथ ही क्षेत्रीय दलों के नेता भी महसूस कर रहे हैं कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर चलने से ही राज्य का विकास संभव है.
गौरतलब है कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होने हैं, जिसे लेकर राज्य की राजनीति गर्म है. निशिकांत दुबे देवघर में एम्स के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और कार्यक्रम के बाद उनके दिल्ली लौटने की संभावना जताई जा रही है.
