Ranchi : महंगाई की मार झेल रहे रांचीवासियों को सोमवार को फिर झटका लगा। पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. 15 मई के बाद चौथी बार दाम बढ़ने से 11 दिनों में पेट्रोल 7.38 रुपये और डीजल 7.76 रुपये महंगा हो चुका है. नई कीमतों के बाद पेट्रोल 105.25 रुपये और डीजल 100.37 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। रांची में पहली बार डीजल का रेट 100 रुपये के पार गया.
इससे पहले 23 मई को रांची में पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था। वहीं 19 मई को भी पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 3-3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था.
इसे भी पढ़े : रांची में 25 से 28 मई तक बारिश की संभावना

कब कितने दाम बढे ?
| तारीख | पेट्रोल | डीजल |
| 15 मई | 3 रुपए | 3 रुपए |
| 19 मई | 0.86 रुपए | 0.91 रुपए |
| 23 मई | 0.87 रुपए | 0.91 रुपए |
| 25 मई | 2.61 रुपए | 2.71 रुपए |
पेट्रोल-डीजल महंगा, अब हर चीज पर असर
विशेषज्ञों के अनुसार अभी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद कम है. पश्चिम एशिया में तनाव और महंगे क्रूड ऑयल की वजह से तेल कंपनियां दबाव में हैं. इसी कारण कंपनियां धीरे-धीरे कीमतें बढ़ा रही हैं ताकि लोगों को एक साथ बड़ा झटका न लगे.
15 मई से लगातार बढ़ रही कीमतों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद तेल कंपनियों ने 11 दिनों में चौथी बार दाम बढ़ाए हैं. पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें देखी गईं, जबकि पुराने स्टॉक के कारण पंप संचालकों को लाभ हुआ.
ईंधन की कीमत बढ़ते ही ऑटो, टैक्सी और बस किराए में भी इजाफा कर दिया गया है. प्रशासन ने अभी नई दरों को मंजूरी नहीं दी है, लेकिन यात्रियों से ज्यादा किराया लिया जा रहा है। डीजल महंगा होने से जरूरी सामानों की कीमतों में भी तेजी आई है और घर का बजट प्रभावित हुआ है.
इसे भी पढ़े : लापता अदिति का अब तक नहीं मिला सुराग इनाम राशि बढ़कर हुई 1 लाख
