RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. एक तरफ जहां राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है. वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने 25 से 28 मई के बीच कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. राजधानी रांची समेत संताल परगना के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट : समान डिग्री वालों के साथ अलग व्यवहार नहीं, संगीत शिक्षिका की बहाली का आदेश
मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा और चतरा जिले में भीषण लू चलने की आशंका है. इन इलाकों का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और दोपहर के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है.
हालांकि संताल परगना प्रमंडल के कुछ इलाकों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग ने बताया है कि 25 मई को संताल इलाके में तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है. इसके अलावा 26 और 27 मई को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
राजधानी रांची में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं. मौसम विभाग के मुताबिक रांची में 25 से 28 मई के बीच बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. रांची का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि लू वाले इलाकों में दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. वहीं आंधी और वज्रपात को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें : रांची विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन आज से शुरू, 13 जून तक कर सकेंगे आवेदन
