RANCHI : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी CBDT ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयकर विभाग में बड़े स्तर पर तबादला और पदस्थापन आदेश जारी किया है. इस फैसले का असर बिहार-झारखंड रीजन पर भी साफ दिखाई दिया है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद और हजारीबाग समेत कई शहरों में प्रिंसिपल कमिश्नर, कमिश्नर, एडिशनल, ज्वाइंट, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.
CBDT की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जमशेदपुर में पदस्थापित सलिल मिश्रा को प्रमोशन देकर PCIT (RU)-1 की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके साथ ही उन्हें रांची PCIT का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. दूसरी ओर रांची में लंबे समय से कार्यरत अमिताभ कुमार सिन्हा का तबादला दिल्ली कर दिया गया है, जहां वे अब PCIT (AU)-1 का कार्यभार संभालेंगे.
इसे भी पढ़ें : भारत में ब्लॉक हुआ, कॉकरोच जनता पार्टी की X हैंडल
कमिश्नर स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं. आशीष कुमार देहारिया को CIT (Appeal) Unit-1, रांची में नई जिम्मेदारी दी गई है. वहीं हुइड्रोम रोबिंद्रो सिंह को धनबाद में CIT (Appeal) Unit-1 का कमिश्नर बनाया गया है. संजय कुमार को हजारीबाग स्थित ADG (NADT-RC) पद पर तैनाती मिली है. इसके अलावा भारत भूषण गर्ग को जमशेदपुर CIT (Appeal) Unit-1 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
झारखंड कैडर की अधिकारी राखी निशा उरांव को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उन्हें छत्तीसगढ़ के रायपुर में CIT (Appeal) Unit-1 के पद पर नियुक्त किया गया है. विभाग ने उन्हें कमिश्नर रैंक में नई जिम्मेदारी देकर अहम भरोसा जताया है.
CBDT ने एडिशनल और ज्वाइंट कमिश्नर स्तर पर भी कई अधिकारियों की पोस्टिंग की है. इनमें स्वरलिपि रॉय, संदीप गांगुली, राहुल मिश्रा, अदिति रॉय मल्लिक, संदीपन खान और रवि कांत कुमार चौधरी शामिल हैं. वहीं डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर पर सम्राट सुबोध कुमार, सुरेंद्र चौधरी, चंद्रकांत झा, गौरव मल्लिक, शिव प्रिया और अंकित मिश्रा जैसे अधिकारियों को बिहार-झारखंड रीजन में नई जिम्मेदारी दी गई है.
प्रशासनिक जरूरतों के तहत कुछ अधिकारियों का ट्रांसफर झारखंड से बाहर भी किया गया है. एडिशनल कमिश्नर सौरभ उपाध्याय को रांची से दिल्ली मुख्यालय भेजा गया है. वहीं ऋषिकेश पांडेय का तबादला पश्चिम बंगाल रीजन में किया गया है. डिप्टी कमिश्नर डेविड टोप्पो, नूपुर मुखर्जी और अमित कुमार सिन्हा का भी दूसरे राज्यों में स्थानांतरण हुआ है.
इसे भी पढ़ें :27 मई तक झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया हीटवेव अलर्ट
