RANCHI : रांची समेत पूरे झारखंड में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगता है. राज्य के कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है और पिछले चार-पांच दिनों में 12 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है.
सबसे ज्यादा गर्मी पलामू, गढ़वा और चतरा में पड़ रही है, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 22 से 26 मई तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में आग उगल रहा मौसम, कई जिलों में 40 डिग्री पार तापमान
22 मई को कई जिलों में हीटवेव और वज्रपात का अलर्ट, 27 मई तक जारी रहेगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग ने 22 मई के लिए पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में हीटवेव की चेतावनी जारी की है. वहीं रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा 23 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में गर्मी और उमस की यह स्थिति 27 मई तक बनी रह सकती है. राजधानी रांची में लोग गर्मी और लू से बचने के लिए गमछा और सिर ढककर घरों से निकल रहे हैं.
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. धनबाद के पंचेत में सबसे अधिक 10.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें : कोल्हान-सारंडा में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका, 25 नक्सली करेंगे सरेंडर
रांची का संभावित तापमान
- 22 मई : अधिकतम 39°C / न्यूनतम 26°C
- 23 मई : अधिकतम 39°C / न्यूनतम 26°C
- 24 मई : अधिकतम 40°C / न्यूनतम 27°C
- 25 मई : अधिकतम 40°C / न्यूनतम 27°C
