RANCHI/KODERMA : धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी से अचानक धुआं उठने लगा. धुआं देखते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया. कई यात्री अपना सामान लेकर आनन-फानन में बोगी से बाहर निकलकर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए. जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन गुरुवार को दोपहर करीब 3:15 बजे कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना होने वाली थी. इसी दौरान ट्रेन की सबसे पीछे वाली बोगी से अचानक धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में यात्रियों के बीच बोगी में आग लगने की सूचना फैल गई, जिसके बाद स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया.

करीब 25 से 30 यात्री थे सवार
बताया जा रहा है कि जिस बोगी से धुआं उठ रहा था, उसमें घटना के समय करीब 25 से 30 यात्री सवार थे. धुआं उठते ही यात्रियों को तत्काल बोगी से बाहर निकाला गया. रेलकर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ प्रभारी और जवानों के साथ जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. रेलकर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की.

शौचालय से आग शुरू होने की प्रारंभिक जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग ट्रेन की आखिरी बोगी के शौचालय से शुरू हुई. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. रेल प्रशासन की ओर से इस बात की जांच की जा रही है कि आग किस वजह से लगी. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शौचालय में किसी यात्री द्वारा धूम्रपान करने के कारण आग लगी हो सकती है. हालांकि, यह फिलहाल सिर्फ आशंका है और जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.
सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की सूचना
घटना के दौरान यात्रियों में काफी घबराहट देखी गई, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आरपीएफ, जीआरपी और रेल प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आग से ट्रेन की बोगी को कितना नुकसान हुआ और ट्रेन का परिचालन किस तरह प्रभावित हुआ.
