RANCHI : झारखंड की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने राजनीति के बाद अब कानून के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाया है. उन्होंने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) की परीक्षा पास कर ली है. इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की है. उनके रिजल्ट कार्ड में भी परीक्षा का परिणाम ‘Pass’ दर्ज है.
राजनीति के बाद अब न्यायालय में भी सक्रिय होंगी अम्बा प्रसाद
अम्बा प्रसाद ने अपनी उपलब्धि साझा करते हुए लिखा, “राजनीति के गलियारों के साथ-साथ, न्यायालय के गलियारों में भी हम कदम बढ़ा चुके हैं.” उन्होंने कहा कि उन्हें विधायिका में काम करने का अनुभव मिला है और कार्यपालिका की कार्यशैली को भी समझने का अवसर मिला है. अब वह विधायिका और कार्यपालिका के बीच की कश्मकश में फंसी जनता के लिए न्याय की गुहार लगाएंगी.

जनता के हक की लड़ाई कानूनी तरीके से लड़ने की बात
अम्बा प्रसाद ने कहा कि वह जनता पर होने वाले अन्याय और प्रताड़ना के खिलाफ पहले भी आवाज उठाती रही हैं. अब वह कानूनी लड़ाई के जरिए भी लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में काम करेंगी. उन्होंने अपनी पोस्ट में समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए लिखा, “आपकी अम्बा आप लोगों के आशीर्वाद से AIBE की परीक्षा पास कर गई है.” अम्बा प्रसाद की इस उपलब्धि के साथ अब उनके सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक अनुभव के अलावा कानून के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने का एक नया अध्याय जुड़ गया है.
इसे भी पढ़े: रांची में स्कूल बस पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचे बच्चे
