RANCHI : झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर दी है. इस फैसले के बाद अब निशा भगत मौत मामले की जांच सीबीआई के हाथों में जाने का रास्ता साफ हो सकता है. दरअसल, 6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर निशा भगत की कथित तौर पर फेसबुक लाइव के दौरान आत्महत्या से मौत हो गई थी. इस घटना ने पूरे झारखंड में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हलचल मचा दी थी.

फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप
मौत से पहले फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत ने राज्य सरकार, जमीन के कथित दलालों और पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने प्रताड़ना और अपनी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही थी. उनका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया.
भाजपा ने सरकार को घेरा, CBI जांच की उठी मांग
निशा भगत की मौत के बाद भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला था. भाजपा नेताओं ने राज्य में आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी. वहीं, अन्य विपक्षी दलों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी.
दो लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में निशा भगत के पिता की शिकायत के आधार पर ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
अब CBI जांच से खुलेंगे कई सवाल?
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सीबीआई जांच के निर्देश के बाद अब इस मामले में जांच की दिशा महत्वपूर्ण होगी. सबसे बड़ा सवाल यह है कि निशा भगत ने फेसबुक लाइव में जिन लोगों और व्यवस्थाओं पर आरोप लगाए थे, उनकी भूमिका की जांच किस तरह होगी और क्या उनकी मौत के पीछे की परिस्थितियों का पूरा सच सामने आ पाएगा. फिलहाल, सीबीआई जांच के निर्देश के बाद झारखंड की राजनीति में इस मामले को लेकर हलचल और तेज होने की संभावना है.
