RANCHI : आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. रांची के पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है. वहीं, मृतका के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है.
रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, एसआईटी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इसमें घटना से जुड़े तथ्यों के साथ-साथ पुलिस की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल मामले का अनुसंधान डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं. पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा भगत की मौत
यह पूरा मामला 6 नवंबर 2026 का है. रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर निशा भगत ने फेसबुक लाइव किया था. करीब 10 से 11 मिनट के इस लाइव वीडियो में वह काफी भावुक नजर आई थीं. उन्होंने आदिवासी अधिकारों, जमीन पर कथित कब्जे, जमीन माफिया और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिलने जैसे मुद्दे उठाए थे.
लाइव के दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन से जुड़े मामलों में आवाज उठाने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने और उन्हें दलाल कहे जाने से भी वह आहत दिखाई दी थीं. इसके बाद उनके निधन की खबर सामने आई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया.
पिता ने शिकायत में लगाए गंभीर आरोप
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता ने पिठोरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. पिता के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर उनका चरित्र हनन किया जा रहा था और उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था.
उन्होंने अपनी शिकायत में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की. साथ ही, तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए.
पुलिस की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आ गई है. एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि निशा भगत की ओर से पहले कोई शिकायत की गई थी या नहीं और यदि की गई थी, तो उस पर क्या कार्रवाई हुई.
फिलहाल पुलिस सभी आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. अब इस मामले में एसआईटी की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट से कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है.
