RANCHI : झारखंड के MD फैजानुल्लाह ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को मात देते हुए मैट्रिक परीक्षा 2026 में मुँह से लिखकर 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. उनका दावा है कि मुँह से लिखकर इतने अंक हासिल करने वाले वह देश के पहले दिव्यांग विद्यार्थी हैं. लेकिन इतनी बड़ी उपलब्धि के बावजूद अब उन्हें राज्य सरकार से सम्मान मिलने का इंतजार है. फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से 15 नवंबर 2026 को रांची में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय टॉपर सम्मान समारोह में शामिल करने की गुहार लगाई है. उन्होंने साफ कहा है कि यदि उन्हें इस समारोह में सम्मानित नहीं किया गया, तो वह अपने अधिकारों की मांग को लेकर भूख हड़ताल करेंगे. उनका कहना है कि दिव्यांग विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सामान्य विद्यार्थियों के समान अंकों के पैमाने पर नहीं आंकना चाहिए और उनकी मेहनत को भी राज्य स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए.
93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर पेश की मिसाल
फैजानुल्लाह ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. वह अपनी परीक्षा हाथों के बजाय मुँह से लिखकर देते हैं. इसके बावजूद उन्होंने गणित में 100 में से 98 अंक प्राप्त किए. उनका कहना है कि उन्होंने प्रत्येक विषय में बेहतर प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश की और अपनी शारीरिक चुनौतियों को पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया. फैजानुल्लाह ने कहा कि दिव्यांग श्रेणी में मुँह से लिखकर 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करने का यह राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड है.
सामान्य बच्चों से हमारी तुलना कैसे हो सकती है?
फैजानुल्लाह का कहना है कि जो विद्यार्थी मुँह से लिखकर परीक्षा देता है, जो बिना देखे लिखता है या शारीरिक चुनौतियों के बीच अपनी परीक्षा पूरी करता है, उसकी परिस्थितियां सामान्य विद्यार्थियों से अलग होती हैं. ऐसे में केवल अंकों के आधार पर उनकी उपलब्धियों का मूल्यांकन करना उचित नहीं है. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 (RPwD Act) और दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों से संबंधित संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय समझौते (UNCRPD) का हवाला देते हुए समान अवसर और सम्मान की मांग की है.
उनका कहना है कि समानता का अर्थ हर परिस्थिति में एक जैसा व्यवहार करना नहीं है, बल्कि असमान परिस्थितियों को समझते हुए उचित अवसर देना भी है. दिव्यांग विद्यार्थियों की मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों को भी उसी संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए.
दो स्कूलों में नामांकन से इनकार का भी लगाया आरोप
फैजानुल्लाह ने अपने संघर्ष के बारे में बताते हुए एक और गंभीर बात साझा की है. उनका आरोप है कि मैट्रिक में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भी उन्हें दो स्कूलों में नामांकन के लिए मना कर दिया गया था. उनके पास इनमें से एक मामले से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा है. बाद में उन्हें तीसरे स्कूल में दाखिला मिला.
उनका कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में दिव्यांग बच्चों को कई बार ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जो उनके आत्मविश्वास और मनोबल को प्रभावित करती हैं. ऐसे में यदि राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें सम्मानित नहीं किया जाता है, तो इसका असर केवल उन पर नहीं, बल्कि दूसरे दिव्यांग विद्यार्थियों पर भी पड़ेगा.
15 नवंबर को टॉपर सम्मान समारोह में शामिल करने की मांग
फैजानुल्लाह ने बताया कि हर साल राज्य सरकार की ओर से बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है. इस साल भी 15 नवंबर 2026 को रांची में राज्य स्तरीय टॉपर सम्मान समारोह आयोजित होना है. उनकी मांग है कि इस समारोह में दिव्यांग श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उन्हें भी सम्मानित किया जाए. उन्होंने सवाल उठाया कि जब CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा सकता है, तो दिव्यांग श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को इस अवसर से क्यों वंचित रखा जाए?
फैजानुल्लाह का कहना है कि यदि 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करने के बाद भी उन्हें सम्मान नहीं मिलता है, तो इससे दूसरे दिव्यांग विद्यार्थियों के बीच गलत संदेश जाएगा. उन्हें लगेगा कि चाहे वे कितनी भी मेहनत कर लें, उनकी उपलब्धियों को राज्य स्तर पर पहचान नहीं मिलेगी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा विभाग से भावुक अपील
फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, मंत्रियों और संबंधित पदाधिकारियों से भावुक अपील की है. उन्होंने मुख्यमंत्री और उन जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार भी जताया है, जिनके सहयोग और सरकारी योजनाओं से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला.
उन्होंने बताया कि उनकी पढ़ाई समावेशी शिक्षा और होम बेस्ड एजुकेशन के तहत हुई है. होम बेस्ड एजुकेशन के अंतर्गत शिक्षक जितेंद्र कुमार भगत उनके घर आकर पढ़ाते थे. फैजानुल्लाह का कहना है कि जब सरकार की योजनाओं और शिक्षकों के सहयोग से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है, तो उनकी उपलब्धि को भी सरकार की ओर से पहचान मिलनी चाहिए.
सम्मान नहीं मिला तो भूख हड़ताल की चेतावनी
फैजानुल्लाह ने स्पष्ट किया है कि वह अपने सम्मान और अधिकार की मांग को लेकर गंभीर हैं. यदि 15 नवंबर को आयोजित समारोह में उन्हें शामिल नहीं किया गया, तो वह भूख हड़ताल करने से भी पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनके व्यक्तिगत सम्मान की नहीं है, बल्कि उन हजारों दिव्यांग बच्चों के आत्मसम्मान और भविष्य से भी जुड़ी है, जो तमाम चुनौतियों के बावजूद शिक्षा हासिल कर रहे हैं.
अब सवाल यह है कि मुँह से लिखकर 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले फैजानुल्लाह की इस अपील पर झारखंड सरकार क्या फैसला लेती है? क्या 15 नवंबर को उन्हें भी राज्य के अन्य टॉपर्स के साथ सम्मानित होने का अवसर मिलेगा? फिलहाल फैजानुल्लाह को मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग से सकारात्मक फैसले की उम्मीद है.
इसे भी पढ़े : 727 करोड़ के निवेश घोटाले में CBI की एंट्री, पूर्व आयुक्त समेत DHFL के प्रमोटरों पर FIR
