RANCHI : एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से मुकाबलों की शुरुआत होगी.
इसे भी पढ़ें : खूंटी में दर्दनाक हादसा. 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आए स्कूली बच्चे, 2 की मौत, 6 झुलसे
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.आयोजन समिति के अनुसार, उद्घाटन समारोह में झारखंड की कला और संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति होगी.
साथ ही भारतीय सेना के बैंड की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी.फुटबॉल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि 22 जुलाई से 16 अगस्त तक मुफ्त टिकटों का वितरण किया जाएगा.
टिकट प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक स्टेडियम परिसर में बनाए गए काउंटरों से प्राप्त किए जा सकेंगे. प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे.
करीब 28 हजार दर्शक क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 हजार से अधिक दर्शकों के लिए निशुल्क टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे. दर्शकों के लिए पार्किंग सुविधा भी पूरी तरह मुफ्त रहेगी.
रांची को ग्रुप-सी के छह लीग मैचों और एक क्वार्टर फाइनल की मेजबानी मिली है. उद्घाटन मुकाबला 26 जुलाई को शाम 5 बजे जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेडियम में पावर बैंक, बड़े बैग, बाहरी भोजन, पानी की बोतल, हेलमेट, सेल्फी स्टिक, तंबाकू उत्पाद और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
मैचों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : 12 साल में 152 परीक्षाओं के पेपर लीक पर भड़के विधायक प्रदीप यादव, कहा- युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
