KHUNTI : खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सरकारी स्कूल के दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गए.
इसे भी पढ़ें : 12 साल में 152 परीक्षाओं के पेपर लीक पर भड़के विधायक प्रदीप यादव, कहा- युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, तोरपा थाना क्षेत्र के निधिवन रेस्टोरेंट के पास एक रथ खड़ा था. आसपास के कुछ स्कूली बच्चे खेल-खेल में उस रथ को धक्का दे रहे थे.
इसी दौरान रथ ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया. तार के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और वहां मौजूद बच्चे इसकी चपेट में आ गए.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी आठ बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद उरांव ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं छह अन्य बच्चों का इलाज जारी है.
हादसे की सूचना मिलते ही तोरपा डीएसपी, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने बच्चों की मौत पर गहरा दुख जताया है और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : 12 साल में 152 परीक्षाओं के पेपर लीक पर भड़के विधायक प्रदीप यादव, कहा- युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
