RANCHI : देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर झारखंड के विधायक प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विभिन्न भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के कुल 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

कहा- युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
प्रदीप यादव ने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कड़ी मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर देती हैं. उनका कहना था कि युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए, ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन हो सके.
उन्होंने सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की. विधायक ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठ जाएगा.
