RANCHI : अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने जांच की निष्पक्षता को लेकर अहम टिप्पणी की है. अदालत ने संकेत दिए कि मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक नई विशेष जांच टीम (SIT) गठित की जा सकती है. कोर्ट ने राज्य सरकार से इस संबंध में जवाब मांगा है और मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को तय की है.

कोर्ट ने मांगा जवाब
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यदि जांच पर किसी तरह का संदेह है तो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की अगुआई में नई जांच टीम गठित करने पर विचार किया जा सकता है. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि न्यायालय को राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए और जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए.राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है. वहीं, जांच कर रही एसआईटी ने अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है. सरकार ने अदालत को यह भी बताया कि नई जांच व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदमों पर विचार किया जा रहा हैं.
इसे भी पढ़े : फ्री में देखें डूरंड कप 2026, रांची में 22 जुलाई से टिकट वितरण
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और अनियमितताओं के आरोपों के बाद इस मामले की जांच के लिए पहले से एसआईटी गठित की गई थी. अब सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद जांच टीम के पुनर्गठन की संभावना बढ़ गई है. मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी, जिसमें सरकार की ओर से विस्तृत जवाब और जांच की प्रगति अदालत के समक्ष रखी जाएगी.
