रांची/नेतरहाट : झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल नेतरहाट को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से लैस करने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है. पर्यटन निदेशालय ने यहां पहली बार प्री-फैब्रिकेटेड (प्री-फैब) कॉटेज रिसॉर्ट के निर्माण का प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा है. इस परियोजना पर लगभग 14.95 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहल
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नेतरहाट हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। पिछले वर्ष यहां एक लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे थे. हालांकि, पर्यटकों की संख्या के अनुरूप आधुनिक और पर्याप्त आवासीय सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. विशेष रूप से पर्यटन सीजन और सर्दियों के दौरान होटल एवं रिसॉर्ट में कमरों की कमी की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं.
पर्यावरण के अनुकूल होगी परियोजना
प्रस्तावित परियोजना के तहत पर्यावरण के अनुकूल आधुनिक प्री-फैब कॉटेज रिसॉर्ट विकसित किया जाएगा. प्री-फैब तकनीक में भवन के अधिकांश हिस्सों का निर्माण पहले से तैयार किया जाता है और बाद में उन्हें स्थल पर स्थापित किया जाता है. इस तकनीक से निर्माण कार्य अपेक्षाकृत कम समय में पूरा होता है और प्राकृतिक वातावरण पर भी कम प्रभाव पड़ता है.
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
पर्यटन विभाग का मानना है कि इस परियोजना से पर्यटकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. होटल व्यवसाय, परिवहन, गाइड सेवा, स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन आधारित अन्य गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
पर्यटन विकास निगम करेगा संचालन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस परियोजना का संचालन झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) के माध्यम से किए जाने की योजना है. विभाग का मानना है कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास से नेतरहाट में पर्यटकों के ठहरने की अवधि बढ़ेगी और झारखंड का पर्यटन उद्योग नई पहचान हासिल करेगा.
गुणवत्ता और तकनीकी विशेषज्ञता पर रहेगा जोर
विभाग के सामने प्री-फैब तकनीक से निर्माण के लिए अनुभवी एजेंसी के चयन की चुनौती भी है. अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया जाएगा.
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो नेतरहाट में पर्यटन को नई गति मिलेगी. साथ ही झारखंड के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी इस तरह की आधुनिक पर्यटन परियोजनाओं का मार्ग प्रशस्त हो सकता है.
