VIJAY THAKUR RANCHI:झारखंड में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के आसार हैं। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 27 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
24 अगस्त को पूरे झारखंड में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 अगस्त को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 25 अगस्त को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
25 से 27 अगस्त के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
26 अगस्त को इन 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र ने 26 अगस्त को झारखंड के नौ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं:
- गढ़वा
- पलामू
- चतरा
- लातेहार
- लोहरदगा
- गुमला
- खूंटी
- सिमडेगा
- पश्चिमी सिंहभूम
इन जिलों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है.
बानो में सबसे ज्यादा बारिश, रांची में बढ़ा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान सिमडेगा जिले के बानो क्षेत्र में सबसे अधिक 38.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर, राजधानी रांची में बारिश पर ब्रेक लगने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम में बदलाव और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। खासकर बारिश और बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और खुले स्थानों पर न रहें.
इसे भी पढ़े :रात 11 बजे के बाद सड़कों पर पुलिस की पैनी नजर, 13 संदिग्ध हिरासत में
