RANCHI : रांची के कोकर से 9 मई से लापता डेढ़ साल की बच्ची अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने इनाम राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी है. पहले सूचना देने वालों के लिए 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.
इसे भी पढ़ें : रांची में 25 से 28 मई तक बारिश की संभावना

पुलिस लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई है. कई टीमों का गठन कर शहर के अलग-अलग इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है.
जानकारी के अनुसार, अदिति के लापता होने के बाद कई दिनों तक इलाके में बारिश हुई थी. बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज हो गया था. पुलिस अब गेतलसूद डैम क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाने की तैयारी कर रही है. इससे पहले एनडीआरएफ की टीम ने भी कई दिनों तक अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी.
परिजनों को आशंका है कि बच्ची का अपहरण किया गया है. परिवार का कहना है कि अदिति कभी भी नाले की तरफ नहीं जाती थी. बच्ची की मां लगातार पूजा-पाठ कर रही हैं और परिवार के लोग पुलिस से जल्द बच्ची को खोज निकालने की मांग कर रहे हैं.
रांची पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को अदिति के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. पुलिस का कहना है कि छोटी से छोटी जानकारी भी जांच में अहम साबित हो सकती है.
इसे भी पढ़ें : रांची विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन आज से शुरू, 13 जून तक कर सकेंगे आवेदन
