रांची / हजारीबाग : झारखंड सरकार की क्लस्टर व्यवस्था के तहत हजारीबाग के दो महाविद्यालयों में संस्कृत विभाग बंद किए जाने और नए नामांकन पर रोक लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.

यह प्रदर्शन ‘संस्कृत हिंदू जागृति मंच’ के बैनर तले आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से क्लस्टर व्यवस्था की समीक्षा करने और दोनों महाविद्यालयों में संस्कृत विषय में पूर्ववत नामांकन शुरू करने की मांग की.
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि क्लस्टर व्यवस्था लागू होने के बाद हजारीबाग के संत कोलंबा महाविद्यालय और के.बी. महिला महाविद्यालय में संस्कृत विभाग बंद कर दिया गया है. उनका आरोप है कि इससे इस विषय का अध्ययन करने वाले बड़ी संख्या में छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा.
समाहरणालय परिसर में प्रदर्शनकारियों ने क्लस्टर व्यवस्था के विरोध में नारे लगाए. प्रदर्शन का नेतृत्व मंच के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने किया. इस दौरान शोधार्थी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
प्रदर्शन के दौरान कुछ शोधार्थियों और शिक्षकों ने कहा कि क्लस्टर व्यवस्था के तहत विभिन्न महाविद्यालयों में विषयों का पुनर्वितरण किया जा रहा है. उनका आरोप है कि हजारीबाग में इस प्रक्रिया के तहत संस्कृत विषय को दोनों महाविद्यालयों से हटा दिया गया है. उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संत कोलंबा महाविद्यालय में लगभग 250 से 300 छात्र संस्कृत विषय से जुड़े हैं, जबकि के.बी. महिला महाविद्यालय में भी 100 से अधिक छात्राएं इस विषय का अध्ययन कर रही हैं. उनके अनुसार, विभाग बंद होने से इन छात्रों के सामने आगे की पढ़ाई को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है.
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करती और संस्कृत विषय में नामांकन बहाल नहीं किया जाता, तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए विनोबा भावे विश्वविद्यालय का घेराव किया जाएगा.
हालांकि, इस मामले में क्लस्टर व्यवस्था के तहत संस्कृत विभाग बंद किए जाने को लेकर राज्य सरकार या संबंधित विश्वविद्यालय की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इसे भी पढे : लोहरदगा: हॉस्टल में सोते समय 4 छात्राओं को सांप ने काटा , 1 की मौत
