Ranchi : रांची विश्वविद्यालय ने स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की अधिसूचना जारी कर दी है. विश्वविद्यालय के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम सत्र 2026-30 और व्यावसायिक एवं स्व-वित्तपोषित पाठ्यक्रमों के सत्र 2026-29 में प्रवेश के लिए आवेदन 24 मई से लिए जाएंगे.
आवेदन प्रक्रिया चांसलर पोर्टल के जरिए पूरी की जाएगी। छात्र-छात्राएं चांसलर पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. यह व्यवस्था रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध और अल्पसंख्यक संबद्ध कॉलेजों में लागू होगी.

विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 13 जून तय की गई है. इसके बाद 18 जून को कॉलेजों की ओर से चयन सूची जारी की जाएगी. चयनित विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और नामांकन प्रक्रिया 19 जून से 30 जून तक चलेगी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि जिन कॉलेजों में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला लिया जाता है, वहां चयन सूची जारी करने, दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया संबंधित कॉलेज स्तर पर ही संचालित होगी। ऐसे कॉलेज अलग से सूचना जारी करेंगे.
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि यदि सत्र शुरू होने के बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है. विद्यार्थियों को एक ही लॉगिन के जरिए एक से अधिक विषयों और कॉलेजों में आवेदन करने की सुविधा दी गई है.विश्वविद्यालय ने आरक्षण नीति को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मेरिट सूची विश्वविद्यालय और राज्य सरकार के नियमों के अनुसार तैयार की जाएगी। इसके लिए निर्धारित वेटेज लागू होगा. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल झारखंड सरकार से मान्यता प्राप्त सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी प्रमाणपत्र ही मान्य होंगे। राज्य के बाहर से जारी प्रमाणपत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
नामांकन के समय विद्यार्थियों को अपने मूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर उनका दावा रद्द किया जा सकता है. आवेदन और नामांकन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से चांसलर पोर्टल पर संबंधित कॉलेज या विभाग की निर्धारित शुल्क संरचना के अनुसार करना होगा.
