RANCHI : झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. विधानसभा को धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था तत्काल अलर्ट मोड में आ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड जगुआर की बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (BDDS) टीम को विधानसभा परिसर भेजा गया.
पूरे विधानसभा परिसर में चला सर्च ऑपरेशन
BDDS टीम ने विधानसभा परिसर के अलग-अलग हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाया. सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध वस्तुओं और संभावित विस्फोटक की तलाश की. हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई. सर्च ऑपरेशन के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति का जायजा लिया.
धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू
मामले में झारखंड विधानसभा के एक पदाधिकारी की ओर से रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी है. अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर यह धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है? पुलिस ईमेल के सोर्स, तकनीकी जानकारी और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने वाले का मकसद क्या था.
धमकी के बाद सुरक्षा पर बड़ा सवाल
फिलहाल विधानसभा परिसर में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जिस तरह से विधानसभा जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण परिसर को निशाना बनाने की धमकी दी गई, उसने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं. अब निगाह पुलिस की उस जांच पर है, जो इस धमकी के पीछे छिपे शख्स तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
