
झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। शुक्रवार दोपहर बाद से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
रांची समेत कई जिलों में येलो और ओरेंज अलर्ट जारी, 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना
25 अप्रैल को रांची के साथ-साथ गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गर्जन, वज्रपात, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है. 26 अप्रैल को गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई गई है. इन जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है.
27 अप्रैल को भी मौसम का असर जारी रहेगा। रांची सहित हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और रामगढ़ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, गर्जन, वज्रपात और तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के अन्य भागों में येलो अलर्ट के साथ खराब मौसम की चेतावनी दी गई है.मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और वज्रपात के समय खुले स्थानों में जाने से बचें.
