BOKARO : खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बोकारो के DPS स्कूल, सेक्टर-4 के कैंटीन में बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे अगले आदेश तक सील कर दिया है. यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, नामकुम से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई. सिविल सर्जन बोकारो डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी, चास जया कुमारी की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पुलिस बल और अन्य अधिकारियों ने कैंटीन का औचक निरीक्षण किया.

इसे भी पढ़ें : कोल कंपनी व ट्रांसपोर्टरों के बीच नहीं बनी बात, अभी ठप रहेगा कोयला ढुलाई
निरीक्षण में क्या मिला?
निरीक्षण के दौरान टीम ने कई गंभीर अनियमितताएं पाई, जिनमें शामिल हैं :
- कैंटीन में FSSAI लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन नहीं मिला
- विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई अधिकृत पत्र (Authority Letter) नहीं पाया गया
- खाद्य कर्मियों का मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड अनुपस्थित
- परिसर में गंदगी का अंबार और साफ-सफाई की कमी
- कर्मचारियों द्वारा हेड कैप, ग्लव्स आदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं
- एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जैसे Lilon’s Classic Mixed Pickle और Vegetarian Mayonnaise बरामद
निरीक्षण में बाधा डालने का आरोप, कैंटीन किया गया सील
निरीक्षण के दौरान हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, वनस्पति तेल और दही के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं. छापेमारी टीम के अनुसार, स्कूल प्रबंधन और कुछ शिक्षकों द्वारा निरीक्षण के दौरान व्यवधान पैदा करने की कोशिश की गई. हालांकि, प्रशासन और पुलिस की मदद से कार्रवाई पूरी की गई. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के उल्लंघन को देखते हुए कैंटीन को गवाहों की मौजूदगी में अगले आदेश तक सील कर दिया गया.

टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में शामिल प्रमुख अधिकारी :
- जया कुमारी (कार्यपालक दंडाधिकारी, चास)
- श्रीमती गुलाब लकड़ा (खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, बोकारो)
- आनंद कुमार
- सेक्टर-4 थाना की पुलिस टीम
