RANCHI / RAMGARH : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के तहत रविवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में संस्कार भोज का आयोजन किया जा रहा है. संताली रीति-रिवाजों के अनुसार हो रहे इस आयोजन में शामिल होने के लिए रविवार सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. राज्य के विभिन्न जिलों के अलावा देश के दूसरे हिस्सों से भी लोगों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना है.
आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं. गांव में चार बड़े पंडाल बनाए गए हैं. वहीं, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस के हजारों जवानों को तैनात किया गया है. प्रशासन ने नेमरा और आसपास के इलाकों में भीड़ को नियंत्रित करने तथा वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं.
पांच लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था
संस्कार भोज के लिए नेमरा में चार बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं. इनमें तीन पंडाल आम लोगों के लिए, जबकि एक पंडाल विशिष्ट अतिथियों के लिए बनाया गया है. आयोजन स्थल पर पांच लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है.

लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए आसपास के मैदानों में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. लुकैयाटांड़ समेत चार मैदानों में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा लोगों को पार्किंग स्थलों से आयोजन स्थल तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए 500 से अधिक टोटो, टेंपो और अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई है.
तीन हेलीपैड तैयार, सड़क पर लगाए गए अस्थायी डिवाइडर
विशिष्ट अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं. वहीं, गोला चौक से बरलंगा तक मुख्य सड़क पर अस्थायी डिवाइडर लगाए गए हैं, ताकि वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखी जा सके. बरलंगा से नेमरा तक करीब सात किलोमीटर के मार्ग पर भी लोगों की आवाजाही को सुचारु बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा गोला के डीवीसी चौक से नेमरा तक करीब 30 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है.
14 आईपीएस और 42 डीएसपी समेत हजारों जवान तैनात
संस्कार भोज में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रामगढ़ से गोला और नेमरा तक यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस के हजारों जवानों को तैनात किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 100 पुलिस पोस्ट बनाए गए हैं. इसके अलावा सात स्थानों पर चेकपोस्ट तैयार किए गए हैं. साथ ही पूरे इंतजाम की निगरानी के लिए 14 आईपीएस अधिकारियों और 42 डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिस का जोर यातायात को सुचारु रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने पर है.

शनिवार को पूरी हुई दशकर्म की रस्म, सोमवार को रजरप्पा में अस्थि विसर्जन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन के दशकर्म की रस्म पूरी की थी. इसके बाद रविवार को श्राद्धकर्म के तहत संस्कार भोज का आयोजन किया जा रहा है.कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सोमवार, 19 अक्टूबर को रामगढ़ जिले के रजरप्पा में अपनी मां की अस्थियों का विसर्जन करेंगे. इस तरह संताली परंपराओं के अनुसार श्राद्धकर्म से जुड़ी रस्में पूरी की जाएंगी.
