RANCHI : झारखंड में आज यानी 16 मई से जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत हो गई है. इस चरण में राज्यभर में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का कार्य किया जाएगा. इसके तहत गणनाकर्मी घर-घर जाकर मकानों, परिवारों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां एकत्र करेंगे. जानकारी के अनुसार, जनगणना का पहला चरण 16 मई से शुरू होकर 14 जून तक चलेगा इस दौरान राज्य के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सर्वे का कार्य किया जाएगा.अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में घरों की स्थिति, परिवार की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई गैस समेत अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी.
इसे भी पढ़े : रांची समेत 16 जिलों पर मौसम का खतरा, तेज बारिश-आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी

घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी
इस बार जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है.लोगों को पहले सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा भी दी गई थी, जिसके तहत नागरिक खुद पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते थे. अब सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रक्रिया के बाद फिजिकल वेरिफिकेशन और डोर-टू-डोर सर्वे शुरू हो गया है.राज्य में इस अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में गणनाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक गणनाकर्मी को निर्धारित संख्या में घरों का सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसे भी पढ़े : SIR से जुड़े पदाधिकारियों का तबादला, अब चुनाव आयोग की अनुमति मिलने के बाद होगा
वहीं, जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा. दूसरे चरण में जनसंख्या, सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां जुटाई जाएंगी. इस बार जातीय गणना भी प्रक्रिया का हिस्सा होगी, जिसको लेकर लोगों के बीच विशेष रुचि देखी जा रही है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जनगणना कर्मियों को सही और सटीक जानकारी दें, ताकि भविष्य की सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए भरोसेमंद आंकड़े तैयार किए जा सकें.
