RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में 16 से 21 मई तक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ इलाकों में लू का असर भी देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. दूसरी ओर गढ़वा और पलामू समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू चलने के आसार बने हुए हैं.
इसे भी पढ़ें : SIR से जुड़े पदाधिकारियों का तबादला, अब चुनाव आयोग की अनुमति मिलने के बाद होगा.
17 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 17 मई के लिए रांची, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना है.
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और कहीं-कहीं वज्रपात के साथ बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
18 मई को भी खराब रहेगा मौसम
18 मई को भी रांची समेत धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में लू का खतरा, मेदिनीनगर के तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग ने 16 से 18 मई तक गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों में लू चलने की संभावना जताई है. वहीं 17 मई को चतरा जिले में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है.
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा है. गुरुवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन अगले 24 घंटे में इसमें करीब 5 डिग्री की गिरावट आई. शुक्रवार को यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
