RANCHI : झारखंड के रांची जिले में स्थित चुनरी फॉल में मंगलवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरूप गांव निवासी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, प्रियंका खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट में काम करती थी.

रामगढ़ निवासी युवक के साथ घूमने गई थी युवती
जानकारी के मुताबिक, प्रियंका कुमारी मंगलवार को रामगढ़ निवासी रफीक अंसारी के साथ चुनरी फॉल घूमने गई थी. रफीक अंसारी पेंट और पुट्टी का काम करता है. बताया जा रहा है कि दोनों चुनरी फॉल के पास मौजूद थे. इसी दौरान शाम के समय प्रियंका की तबीयत बिगड़ गई या उसके साथ कोई हादसा हुआ, ऐसी जानकारी सामने आई है. हालांकि, घटना की सटीक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं. इसके बाद प्रियंका को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. पुलिस ने रफीक अंसारी से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती की मौत हादसे में हुई, अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
