JAMSHEDPUR : प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने बुधवार सुबह जमशेदपुर में बड़ी कार्रवाई की. केंद्रीय जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. जानकारी के मुताबिक, ED की टीमों ने सुबह करीब 8 बजे बिष्टुपुर स्थित उनके आवासीय परिसर के साथ-साथ आदित्यपुर और गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लांट में तलाशी शुरू की. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जांच के दायरे में आए परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. वहीं, अंदर मौजूद लोगों को भी बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
बिष्टुपुर से आदित्यपुर तक ED की तलाशी
ED की अलग-अलग टीमें बिष्टुपुर के कांट्रैक्टर्स एरिया स्थित आवास, बर्मामाइंस, जुगसलाई और आदित्यपुर के हथियाडीह स्थित शारदा एंडेवर्स फैक्ट्री में तलाशी अभियान चला रही हैं. जांच टीम वित्तीय लेन-देन, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच कर रही है. कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की भी सूचना है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है.
750 करोड़ के कथित GST फर्जीवाड़े की जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ED की यह कार्रवाई करीब 750 करोड़ रुपये के कथित GST फर्जीवाड़े और अवैध वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामले में की जा रही है. जांच में कारोबारी बबलू जायसवाल पर कथित तौर पर बोगस कंपनियों के जरिए फर्जी बिलिंग करने और गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट यानी ITC लेने के आरोपों की जांच की जा रही है. हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ED की ओर से फिलहाल छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

पहले भी 55.66 करोड़ के GST मामले में हुई थी गिरफ्तारी
ज्ञानचंद जायसवाल इससे पहले भी करीब 55.66 करोड़ रुपये के कथित GST घोटाले के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं. उस मामले में जांच के दौरान कई कंपनियों के जरिए कथित तौर पर गलत तरीके से ITC लेने की बात सामने आई थी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जय भोलानाथ कंपनी, मां शारदा एंडेवर और मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में 22.31 करोड़ रुपये, जबकि केदारनाथ ट्रैक्सीन, ज्ञानदीप आयरन प्राइवेट लिमिटेड और विभ्रान स्क्रैप कंपनी से जुड़े मामले में 33.35 करोड़ रुपये के कथित गलत ITC का उल्लेख किया गया था.
7 अगस्त 2025 को भी हुई थी कार्रवाई
इस मामले में इससे पहले 7 अगस्त 2025 को भी ज्ञानचंद जायसवाल से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी. अब बुधवार को हुई ED की ताजा छापेमारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की बात सामने आ रही है. फिलहाल एजेंसी की तलाशी जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
