RANCHI : झारखंड में हिजाब, बुर्का और मास्क को लेकर सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट अब पुलिस जांच के घेरे में है. रांची साइबर क्राइम थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय की शिकायत पर दर्ज हुई है. शिकायत के मुताबिक, ‘Hidden Biography’ नाम के फेसबुक पेज से 28 सितंबर को एक पोस्ट शेयर की गई थी. इस पोस्ट में मुख्यमंत्री की तस्वीर और ग्राफिक्स का इस्तेमाल करते हुए दावा किया गया था कि झारखंड में हिजाब, बुर्का या मास्क पहनकर बाहर निकलने वाले लोगों को संदिग्ध माना जाएगा.
पोस्ट में बिहार का भी किया गया जिक्र
सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि बिहार के बाद झारखंड में भी ऐसा नियम लागू कर दिया गया है. पोस्ट में हिजाब, बुर्का या मास्क पहनकर बाहर निकलने वाले लोगों को संदिग्ध माने जाने की बात कही गई थी. पोस्ट के अंत में लोगों से यह सवाल भी पूछा गया था कि क्या वे कथित फैसले का समर्थन करते हैं.
जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया भ्रामक
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी की शिकायत में इस पोस्ट को भ्रामक बताया गया है. शिकायत में आशंका जताई गई है कि इस तरह की जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और लोक शांति प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है. इसी शिकायत के आधार पर रांची साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, पोस्ट के स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पोस्ट किस उद्देश्य से साझा की गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.
