RANCHI : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन चलाने का फैसला किया है. कोलकाता और प्रतापनगर के बीच स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 7-7 फेरे लगाएगी. रेलवे के इस फैसले से त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर पश्चिम बंगाल और झारखंड के बीच सफर करने वाले यात्रियों को इस ट्रेन का फायदा मिल सकता है.
13 अक्टूबर से कोलकाता से चलेगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 03109 कोलकाता-प्रतापनगर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को चलेगी. इसका परिचालन 13 अक्टूबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक किया जाएगा. यह ट्रेन कोलकाता से सुबह 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी. इस दौरान ट्रेन कुल 7 फेरे लगाएगी.
15 अक्टूबर से प्रतापनगर से कोलकाता की सेवा
वहीं, ट्रेन संख्या 03110 प्रतापनगर-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. यह ट्रेन 15 अक्टूबर 2026 से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी और कुल 7 फेरे लगाएगी. प्रतापनगर से यह ट्रेन शाम 4:15 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन दोपहर 12:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
त्योहारी सीजन को देखते हुए ट्रेन को कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है. दोनों दिशाओं में ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इन स्टेशनों पर ठहराव से झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को त्योहार के दौरान आने-जाने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
जनरल से लेकर एसी कोच तक की सुविधा
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे. दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है. ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के चलने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है.
इसे भी पढ़े : झारखंड में थमी बारिश की रफ्तार, मानसून की विदाई के बीच जानिए अगले 5 दिनों का मौसम
