RANCHI : झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. राज्य में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) अब 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. झारखंड हाईकोर्ट ने जैक (JAC) की ओर से परीक्षा आयोजन के लिए मांगी गई समय-सीमा बढ़ाने की अनुमति दे दी है.
जस्टिस आनंद सेन की अदालत में हुई सुनवाई
जस्टिस आनंद सेन की अदालत में हुई सुनवाई JTET के आयोजन को लेकर दायर अवमानना याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान जैक की ओर से अधिवक्ता कृष्ण मुरारी ने बोर्ड के फैसले की जानकारी अदालत को दी. उन्होंने बताया कि जैक ने 1 नवंबर को JTET आयोजित करने का निर्णय लिया है. इसके लिए अदालत से अनुमति मांगी गई, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया.
6 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
मामले में हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 6 नवंबर की तारीख निर्धारित की है. इससे पहले हुई सुनवाई में अदालत ने तय समय के अनुसार JTET का आयोजन नहीं होने पर नाराजगी जताई थी. कोर्ट ने मामले में विभाग के सचिव को शोकॉज नोटिस भी जारी किया था.
2016 के बाद पहली बार होगी JTET
गौरतलब है कि झारखंड में 2016 के बाद JTET का आयोजन नहीं हुआ है. लंबे समय से परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए 1 नवंबर की तारीख महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अब हाईकोर्ट की अनुमति के बाद परीक्षा आयोजन का रास्ता साफ हो गया है. अभ्यर्थियों को अब परीक्षा की तैयारी के साथ जैक की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारियों पर नजर रखनी होगी.
