RANCHI : झारखंड में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. राज्य के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं. मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार, 26 सितंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश और बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया है. वहीं, पलामू, गढ़वा, लातेहार और सिमडेगा में यलो अलर्ट जारी किया गया है. राजधानी रांची में भी दोपहर तक तेज बारिश के कई दौर आने की संभावना जताई गई है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है.
इसे भी पढें : ब्राउन शुगर की बिक्री पर पुलिस का शिकंजा, 29 पुड़िया के साथ दो युवक गिरफ्तार
रांची में 12वीं तक के स्कूल बंद
लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने शनिवार, 26 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई बंद रखने का आदेश दिया है. हालांकि, जिन स्कूलों में परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां स्कूल प्रबंधन मौसम की स्थिति को देखते हुए फैसला ले सकता है.
तेज बारिश और आंधी से रांची में 25 से अधिक पेड़ गिरे
शुक्रवार को तेज हवा और बारिश ने राजधानी रांची में भारी असर डाला. शहर के अलग-अलग इलाकों में 25 से अधिक पेड़ गिर गए. डोरंडा के एजी मोड़ के पास एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे सवार थे. राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित रहे. हालांकि, बस के चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं.
27 सितंबर से रांची में मौसम साफ होने की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 सितंबर से रांची में मौसम साफ होने की संभावना है. हालांकि, राज्य के अन्य जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जाती है.
