RANCHI : झारखंड में JPSC और JSSC की कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब और उग्र होने की ओर बढ़ रहा है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 22 दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन के बीच JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है.
मंच ने राज्य सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो छात्र 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. मंच के मुताबिक, प्रदर्शनकारी वहां डेरा डालकर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे.
पहली बार मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग
आंदोलन के दौरान पहली बार रिफॉर्म मंच की ओर से मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी सामने आई है. मंच का आरोप है कि JPSC-JSSC से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार की ओर से अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है.
मंच ने कहा है कि छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा.
24 जिलों में पुतला दहन का ऐलान
आंदोलन को राज्यव्यापी रूप देने की रणनीति के तहत 16 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया गया है. मंच का कहना है कि JPSC-JSSC की कथित अनियमितताओं के खिलाफ अब आंदोलन को और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.

भगत सिंह के विचारों से आंदोलन को जोड़ने का दावा
JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने यह भी कहा है कि आगे का आंदोलन भगत सिंह के विचारों और संघर्ष की भावना से प्रेरित होकर चलाया जाएगा. मंच के अनुसार, आने वाले दिनों में आंदोलन के स्वरूप को और व्यापक किया जाएगा.
फिलहाल छात्रों की नजर 18 अगस्त की समयसीमा पर है. सरकार की ओर से इस अवधि में क्या कदम उठाया जाता है, इसी पर 20 अगस्त के प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव की दिशा काफी हद तक निर्भर करेगी.
