RANCHI : झारखंड की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में है. धुर्वा स्थित एचईसी परिसर के आवास संख्या F-44 को अब आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गड़िदेसी के नाम आवंटित कर दिया गया है. खास बात यह है कि इसी आवास में अंबा प्रसाद करीब सात वर्षों तक रही थीं. हाल ही में प्रशासन ने इस आवास को खाली कराकर सील कर दिया था. अब नए आवंटी के रूप में आईपीएस अधिकारी का नाम सामने आने के बाद इस मामले ने फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है.
सात साल तक अंबा प्रसाद के पास था सरकारी आवास
जानकारी के मुताबिक, अंबा प्रसाद विधायक बनने के बाद से करीब सात वर्षों तक एचईसी परिसर स्थित सरकारी आवास संख्या F-44 में रह रही थीं. हालांकि, हाल ही में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आवास खाली कराया और उसे सील कर दिया. इसके बाद अंबा प्रसाद ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे.
अंबा प्रसाद ने लगाया था पक्षपात का आरोप
सरकारी आवास खाली कराए जाने के बाद पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने प्रशासन की कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया था. उनका आरोप था कि आसपास कई अन्य पूर्व विधायकों के पास भी सरकारी आवास हैं, लेकिन कार्रवाई केवल उनके खिलाफ की गई. उन्होंने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए समर्थकों के साथ धरना भी दिया था. अंबा प्रसाद का कहना था कि प्रशासन को सभी पूर्व विधायकों के आवासों के मामले में एक समान नीति अपनानी चाहिए.
अब IPS क्रांति कुमार गड़िदेसी को मिला आवास
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब आवास संख्या F-44 का नया आवंटन आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गड़िदेसी के नाम कर दिया गया है. यानी जिस सरकारी आवास को हाल ही में प्रशासन ने खाली कराकर सील किया था, अब उसमें नए आवंटी के रूप में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का नाम सामने आया है.
फिर चर्चा में आया सरकारी आवास का विवाद
अंबा प्रसाद के आवास खाली कराए जाने के समय से ही यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है. अब उसी आवास को आईपीएस अधिकारी के नाम आवंटित किए जाने के बाद एक बार फिर प्रशासनिक कार्रवाई और सरकारी आवासों के आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल इस घटनाक्रम के बाद सबकी नजर इस बात पर है कि अंबा प्रसाद इस नए आवंटन पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं और प्रशासन की ओर से इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.
इसे भी पढ़े : मंईयां सम्मान योजना की 51 लाख महिलाओं को मिलेगा दुर्घटना बीमा का लाभ!
