RANCHI : राजधानी रांची के धुर्वा स्थित सीठियो छठ घाट पर छठ व्रतियों को पूजा के लिए जगह उपलब्ध कराने के नाम पर कथित तौर पर पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि घाट पर महज 10×10 फीट की जगह के लिए करीब 5,000 रुपये तक की मांग की जा रही है. इसको लेकर नव युवक संघ दुर्गा पूजा सह छठ पूजा समिति और वीर एकलव्य क्लब ने विरोध जताते हुए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है.
बुधवार को न्यू मार्केट, सीटीओ रोड, धुर्वा स्थित समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और समानता का प्रतीक है. ऐसे में व्रतियों को पूजा के लिए जगह देने के नाम पर कथित रूप से मनमानी राशि मांगना उचित नहीं है.

10×10 फीट जगह के लिए 5 हजार रुपये मांगने का आरोप
समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सीठियो गांव निवासी शिवा तिर्की की ओर से पिछले कुछ वर्षों से घाट की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर छठ व्रतियों को जगह उपलब्ध कराने के बदले मनमाने तरीके से पैसे मांगे जा रहे हैं. समिति के अनुसार, एक स्थान के लिए करीब 5,000 रुपये तक की मांग की जा रही है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और आम श्रद्धालुओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.
2010 से निःशुल्क सेवा शिविर लगा रही है समिति
प्रेस वार्ता में समिति ने बताया कि वीर एकलव्य क्लब और नव युवक संघ वर्ष 2010 से लगातार सीठियो छठ घाट पर निःशुल्क सेवा शिविर लगाते आ रहे हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर साल पार्किंग, रोशनी, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाती हैं. इसके अलावा व्रतियों के लिए अर्घ्य के दौरान दूध, चाय सहित विभिन्न सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं. समिति का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से छठ पूजा संपन्न कराने में मदद करना है.
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
समिति ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले का संज्ञान लेने की अपील की है. साथ ही मांग की है कि घाट पर जगह आवंटित करने के नाम पर कथित वसूली की जांच कराई जाए और छठ व्रतियों को बिना किसी आर्थिक दबाव के पूजा करने की सुविधा सुनिश्चित की जाए. समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि महापर्व छठ में हर वर्ग के लोगों की समान भागीदारी होनी चाहिए. किसी भी श्रद्धालु को आर्थिक स्थिति के कारण पूजा के लिए जगह मिलने में परेशानी नहीं होनी चाहिए.
प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष रवि शंकर, उपाध्यक्ष रंजन कुमार, सचिव रंजन कुमार, कार्यकारिणी अध्यक्ष अशोक कुमार और मीडिया प्रभारी संजय कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
अब प्रशासन की भूमिका अहम
सीठियो छठ घाट पर जगह आवंटन को लेकर उठे इस विवाद के बाद अब प्रशासन की भूमिका अहम हो गई है. देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है और छठ व्रतियों को घाट पर निःशुल्क एवं व्यवस्थित पूजा की सुविधा कैसे सुनिश्चित कराता है.
