GARHWA : गढ़वा जिले के बरडीहा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय लेभरी में मध्यान्ह भोजन (MDM) में कथित तौर पर मिलावटी खाद्य तेल के इस्तेमाल का मामला सामने आया है.
गुप्त सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण कुमार सिंह ने फूड इंस्पेक्टर के साथ विद्यालय में औचक छापेमारी की.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर;कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
इस दौरान संदिग्ध खाद्य तेल को जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि विद्यालय में बच्चों के लिए बनने वाले मध्यान्ह भोजन में मिलावटी तेल का उपयोग किया जा रहा है.
सूचना में विद्यालय की संयोजिका और अन्य कर्मियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने तत्काल गढ़वा के एसीएमओ से संपर्क किया और फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध रॉय को बरडीहा बुलाया.
इसके बाद संयुक्त टीम ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय लेभरी में औचक निरीक्षण किया.
छापेमारी के दौरान विद्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई. आरोप है कि प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही संदिग्ध तेल को छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता के कारण यह कोशिश सफल नहीं हो सकी.
जांच टीम ने मौके से संदिग्ध खाद्य तेल को जब्त कर लिया और उसका सैंपल संग्रहित किया.
फूड इंस्पेक्टर द्वारा लिए गए नमूने को अब विस्तृत जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तेल में किसी प्रकार की मिलावट थी या नहीं.
मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और उनके भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : JFWCE-2024 परीक्षा के लिए रेलवे की बड़ी पहल, अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
