रांची: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण बिल) को लेकर राजधानी रांची में सियासी माहौल गरमा गया है. शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महिला आक्रोश मार्च निकालकर राज्य सरकार और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला. मोरहाबादी मैदान से शुरू हुआ यह मार्च मेन रोड तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया और संसद में बिल पारित न होने के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया.

मोरहाबादी से मेन रोड तक निकला मार्च, अन्नपूर्णा देवी और बाबूलाल मरांडी समेत कई बड़े नेता शामिल
भाजपा ने राज्य में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए. नेताओं का कहना था कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है. इस आक्रोश मार्च में रांची, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा समेत कई जिलों से कार्यकर्ता पहुंचे. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और गीता कोड़ा सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे.
नेताओं ने महिला सुरक्षा और अधिकारों के मुद्दे पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक महिलाओं को उनका अधिकार और सुरक्षा नहीं मिलती, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी.
