RANCHI : राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक इलाके में मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बस पर बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी. घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, जीवन ज्योति नामक बस अरगोड़ा चौक के पास खड़ी थी. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक बस के आसपास संदिग्ध तरीके से घूम रहे थे. बस चालक ने बताया कि युवकों की हरकतों को लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी.

ड्राइवर से कहासुनी के बाद बाइक सवार तीन युवकों ने चलाई गोली
हालांकि राहत की बात यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे. इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया और एक अपराधी को दौड़ाकर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया.
इसे भी पढे़ : खूंटी में खाकी बनी बच्चों की मार्गदर्शक, स्कूल पहुंचकर पुलिस दे रही जागरुकता का पाठ
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पारस राणा भी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि फरार दो अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
