DUMKA : संथाल परगना की उपराजधानी दुमका को देश के प्रमुख शहरों से सीधे रेल संपर्क से जोड़ने की मांग एक बार फिर उठी है.
इसे भी पढ़ें : 12 साल में 152 परीक्षाओं के पेपर लीक पर भड़के विधायक प्रदीप यादव, कहा- युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
पूर्व विधायक और झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति सीता सोरेन ने इस संबंध में रेल मंत्री को पत्र भेजकर कई नई ट्रेनों के संचालन की मांग की है.
अपने पत्र में सीता सोरेन ने कहा कि दुमका झारखंड के महत्वपूर्ण शहरों में शामिल है, लेकिन अब तक यहां से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है.
इसका असर दैनिक यात्रा से जुड़े हजारों लोगों पर पड़ता है.उन्होंने रेल मंत्रालय से दुमका से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत करने का आग्रह किया है.
साथ ही आसनसोल, रामपुरहाट और जसीडीह जैसे प्रमुख रेल मार्गों के लिए भी अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग रखी है.
सीता सोरेन ने अपने पत्र में श्रावणी मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि सावन के दौरान बाबा बासुकीनाथ धाम और देवघर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच जाती है.
उन्होंने कहा कि दुमका रेलवे स्टेशन धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से बाबा बासुकीनाथ धाम की दूरी करीब 25 किलोमीटर है.
बेहतर रेल कनेक्टिविटी से न केवल स्थानीय लोगों को फायदा होगा बल्कि पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: नई जांच टीम गठित करने पर विचार, कोर्ट ने मांगा जवाब
