RANCHI : Central Board of Secondary Education ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. इसके अलावा डिजिलॉकर, उमंग ऐप और अन्य सरकारी रिजल्ट पोर्टल्स के जरिए भी स्कोरकार्ड डाउनलोड किया जा सकता है. इस साल CBSE 12वीं परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 85.20 फीसदी दर्ज किया गया है. पिछले साल 2025 में यह आंकड़ा 88.39 फीसदी था. इस तरह इस बार पास प्रतिशत में 3.19 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है.

85.20% छात्र हुए सफल. लड़कियों ने फिर मारी बाजी, बोर्ड ने इस साल भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं की
बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल 17,80,365 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें 17,68,968 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 15,07,109 छात्र सफल घोषित किए गए. रिजल्ट आंकड़ों में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा. लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों के मुकाबले 6.73 फीसदी अधिक दर्ज किया गया. वहीं रीजनवार प्रदर्शन में त्रिवेंद्रम सबसे आगे रहा, जहां 95.62 फीसदी छात्र सफल हुए. दूसरी ओर प्रयागराज रीजन का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा और यहां 72.43 फीसदी रिजल्ट दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़े : रांची के अरगोड़ा चौक पर देर रात बस पर फायरिंग, पुलिस ने खदेड़कर एक अपराधी को दबोचा
CBSE ने इस साल भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला लिया है. बोर्ड का कहना है कि यह कदम छात्रों के बीच अनावश्यक और अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है. हालांकि, विषयवार टॉप 0.1 प्रतिशत छात्रों को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा. बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम (OSM) को पूरी तरह लागू किया. CBSE के मुताबिक, कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल पहल है, जिससे रिजल्ट प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हुई है. जो छात्र एक विषय में असफल हुए हैं और कम्पार्टमेंट कैटेगरी में रखे गए हैं, वे सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. इसके अलावा 6वें या 7वें विषय में बदलाव के कारण फेल घोषित छात्र भी संबंधित विषय में परीक्षा दे सकेंगे. सफल छात्रों को भी एक विषय में प्रदर्शन सुधारने का मौका मिलेगा.
