Nakib Ziya
RANCHI : रांची स्थित झारखंड हाई कोर्ट में बोकारो की 18 वर्षीय लापता युवती जिसे पुष्पा हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है मामले में सुनवाई के दौरान बड़ा अपडेट सामने आया है. करीब 9 महीने से लापता युवती की तलाश को लेकर उसकी मां रेखा देवी ने हेबियस कॉर्पस याचिका दायर किया है.
इसे भी पढ़ें : मुंबई में झारखंड भवन का रास्ता साफ, दिल्ली के बाद अब मुंबई में भी बनेगा झारखंड भवन, जल्द शुरू होगा निर्माण
कंकाल 9 महिना पुराना नहीं बल्कि 2-3 साल पुराना
सुनवाई के दौरान प्रार्थी पक्ष के अधिवक्ता विंसेट रोहित मार्की ने पुलिस द्वारा बरामद कंकाल को युवती का मानने से साफ इनकार किया. उन्होंने कोर्ट में दलील दी कि कंकाल की स्थिति 9 महीने पुरानी नहीं लगती बल्कि यह 2 से 3 साल पुराना प्रतीत होता है. साथ ही यह भी कहा गया कि कंकाल जिस जगह से मिला है वह एक सार्वजनिक स्थान है ऐसे में उसके किसी और का होने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
कब होगा डीएनए टेस्ट
मामले में जांच की धीमी रफ्तार पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई. अदालत ने राज्य सरकार से साफ पूछा कि क्या कंकाल का डीएनए टेस्ट कराया गया है और क्या पीड़िता की मां रेखा देवी के सैंपल लिए गए हैं. इस पर बताया गया कि अब तक डीएनए जांच नहीं कराई गई है जिस पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया.
सभी पुलिस पदाधिकारियों को किया तलब
कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश देते हुए झारखंड पुलिस के डीजीपी, एफएसएल निदेशक, बोकारो एसपी और पूरी SIT टीम को अगले दिन सुबह 10:30 बजे तलब किया है और जांच में हुई अब तक की कार्रवाई का पूरा जवाब मांगा है.
इस पूरे मामले में कोर्ट का रुख साफ है कि बिना वैज्ञानिक जांच के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता और अब अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जवाब देना होगा.
इसे भी पढ़ें : JAC Result Update: इस सप्ताह 8वीं-9वीं का रिजल्ट संभव, अगले हफ्ते मैट्रिक-इंटर के नतीजे
