Nakib Ziya
RANCHI : देश की आर्थिक नगरी मुंबई में झारखंड भवन के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है. दिल्ली के बाद अब मुंबई में भी झारखंड भवन बनने जा रहा है. नवी मुंबई के वाशी इलाके में सेक्टर 30ए स्थित प्लॉट नंबर 2 सी पर सरकार को 63.65 डिसमिल जमीन मिल गई है. लंबे समय से लंबित इस परियोजना को अब जल्द गति मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें : JAC Result Update: इस सप्ताह 8वीं-9वीं का रिजल्ट संभव, अगले हफ्ते मैट्रिक-इंटर के नतीजे
बताया जा रहा है कि जमीन का मामला वर्ष 2024 से अटका हुआ था. उस समय झारखंड भवन के निर्माण के लिए 136 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया था. हालांकि अब निर्माण लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.
इस भवन के निर्माण के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत वीवीआईपी, वीआईपी और अन्य लोगों के लिए मुंबई में उचित दर पर ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
प्रस्तावित भवन बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर सहित कुल सात तल्लों का होगा. इसमें आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है.
बेसमेंट में 27 कारों और 137 बाइकों की पार्किंग की व्यवस्था होगी. ग्राउंड फ्लोर पर डाइनिंग हॉल, पैंट्री और किचन, जिम, लॉकर रूम और वीआईपी वेटिंग लाउंज बनाए जाएंगे.
पहले तल्ले पर वीआईपी वेटिंग लाउंज, सेमिनार हॉल और एग्जिबिशन हॉल की सुविधा होगी. दूसरे तल्ले पर रेसिडेंट सेक्रेटरी का चेंबर, मीटिंग रूम और वेटिंग लाउंज बनाए जाएंगे.
वहीं तीसरे तल्ले पर 10 डॉरमेट्री बनाए जाएंगे, जिसमें कुल 57 बेड की व्यवस्था होगी.
इस परियोजना के पूरा होने से झारखंड के लोगों को मुंबई में बेहतर और किफायती ठहरने की सुविधा मिलेगी, साथ ही राज्य की उपस्थिति भी मजबूत होगी.
इसे भी पढ़ें : महिला आरक्षण के सम्मान में निकाली गई रैली
