RANCHI : झारखंड में पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के बाद अब हिरासत में उनके साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने आयोग को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा हिरासत के दौरान कथित तौर पर हुई मारपीट से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है.
27 नवंबर 2026 को लिखे अपने पत्र में बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि अभिषेक भारती को पुलिस हिरासत के दौरान गंभीर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई. पत्र के मुताबिक, उनकी उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किया गया और मुंह के बल लिटाकर पीटा गया. मरांडी ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनसे अपनी मर्जी के अनुसार बयान देने का दबाव बनाया.
पत्र में कहा गया है कि कथित प्रताड़ना के दौरान अभिषेक भारती ने पुलिसकर्मियों से मारपीट बंद करने की गुहार लगाई. उन्होंने कथित तौर पर यहां तक कहा कि पुलिस उनसे सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा ले, जिसके बाद वे अचेत हो गए. बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है. उन्होंने हिरासत के दौरान लिए गए दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है.
अदालत परिसर में भी बिगड़ी तबीयत का दावा
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में अदालत में पेशी के दौरान अभिषेक भारती की शारीरिक स्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, जब अभिषेक भारती को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वे अपने पैरों पर खड़े होने या चलने की स्थिति में नहीं थे. चार पुलिसकर्मियों को उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले जाना पड़ा, जहां वे कथित तौर पर बेहोश होकर गिर पड़े.
पत्र में कहा गया है कि न्यायालय ने उनकी स्थिति देखते हुए तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था. हालांकि, मरांडी का आरोप है कि पुलिस उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले गई और हालत अधिक बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने यह भी दावा किया है कि अस्पताल के बिस्तर पर अभिषेक भारती अचेत अवस्था में थे.
तीन पत्रकारों को थाने में बैठाने और वीडियो मिटाने का आरोप
इस पूरे घटनाक्रम में बाबूलाल मरांडी ने तीन पत्रकारों को कथित तौर पर थाने में कई घंटे तक बैठाए रखने का आरोप भी लगाया है. उनके पत्र के अनुसार, अदालत परिसर में अभिषेक भारती की स्थिति का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को पुलिस थाने ले गई. वहां उन्हें लगभग चार घंटे तक बैठाकर रखा गया और उनके मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए गए. मरांडी ने आरोप लगाया है कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो हटाने के बाद ही पत्रकारों को रात में छोड़ा गया. उन्होंने इस मामले में संबंधित पत्रकारों को सुरक्षा प्रदान करने और उनका स्वतंत्र बयान दर्ज कराने की मांग की है.
NHRC से किन मांगों को लेकर लिखा पत्र?
बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने मांग की है कि आयोग पूरे घटनाक्रम का स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे. उन्होंने अभिषेक भारती को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से उनकी जांच कराने का अनुरोध किया है. साथ ही शरीर पर आई चोटों का विस्तृत चिकित्सकीय रिकॉर्ड तैयार करने की मांग की है.
इसके अलावा, उन्होंने सिमडेगा टाउन थाना और न्यायालय परिसर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, थाने की स्टेशन डायरी, हिरासत एवं पेशी से जुड़े दस्तावेज और सदर अस्पताल के चिकित्सा रजिस्टर को तत्काल सुरक्षित रखने का आग्रह किया है. उनका कहना है कि इन साक्ष्यों से गिरफ्तारी से लेकर अस्पताल में भर्ती होने तक की वास्तविक समय-सीमा और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा.
भूषण बाड़ा मामले से जुड़ी है गिरफ्तारी
गौरतलब है कि पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित यौन शोषण मामले से संबंधित है. इस मामले में नाबालिग किशोरी के दादा की शिकायत पर पाकरटांड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर से अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया था.
अब इस गिरफ्तारी के बाद हिरासत में कथित प्रताड़ना का आरोप सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है. हालांकि, बाबूलाल मरांडी की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। ऐसे में अब निगाहें राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की संभावित कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पर टिकी हैं.
