RANCHI : दीपावली में अभी दो महीने से ज्यादा का समय बाकी है, लेकिन त्योहार से पहले ही हवाई किराया बढ़ने लगा है. देश के बड़े शहरों से रांची आने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों के मुकाबले डेढ़ से दो गुना तक ज्यादा किराया देना पड़ रहा है.

आम दिनों में दिल्ली से रांची का हवाई किराया करीब 5 से 5.5 हजार रुपये के आसपास रहता है. लेकिन नवंबर में यही किराया बढ़कर करीब 11 से 12 हजार रुपये तक पहुंच गया है. यानी यात्रियों को करीब दोगुना किराया देना पड़ रहा है.
मुंबई से रांची आने वाले यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है. सामान्य दिनों में मुंबई-रांची का किराया करीब 6 से 7.1 हजार रुपये रहता है, जबकि नवंबर में यही किराया बढ़कर करीब 12 से 15.1 हजार रुपये तक पहुंच गया है.
चेन्नई और बेंगलुरु से रांची आने वाली फ्लाइट्स के किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक, दीपावली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. त्योहार के समय यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ हवाई टिकटों की मांग भी बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर किराए पर पड़ता है.
ऐसे में अगर आप दीपावली या छठ के दौरान हवाई यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो ज्यादा किराया देने से बचने के लिए टिकट की बुकिंग पहले ही कर लेना बेहतर होगा.
