RANCHI : दीपावली से पहले झारखंड की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि भेज दी गई है. प्रत्येक लाभुक के खाते में 2500 रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है. इस तरह रांची जिले की महिलाओं के बीच कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है.
यह राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गई है. त्योहार से पहले खाते में पैसे आने से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और त्योहार की खरीदारी में आर्थिक मदद मिलेगी.
रांची में 3.94 लाख महिलाओं को मिला योजना का लाभ
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, रांची जिले में कुल 3,94,007 महिलाओं को अक्टूबर महीने की सम्मान राशि मिली है. योजना के तहत हर पात्र महिला को 2500 रुपये दिए गए हैं. इस हिसाब से जिले में कुल 98.50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है.
कांके प्रखंड सबसे आगे, इन क्षेत्रों में भी पहुंची राशि
लाभुकों की संख्या के मामले में कांके प्रखंड सबसे आगे है. यहां 31,502 महिलाओं के खाते में राशि भेजी गई है. वहीं टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891 और मांडर में 22,933 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है.
प्रखंड और शहरी क्षेत्रवार लाभुकों की संख्या इस प्रकार है.
- कांके – 31,502
- टाउन अर्बन – 25,891
- मांडर – 22,933
- सिल्ली – 21,282
- बेड़ो – 20,562
- रातू – 20,290
- चान्हो – 19,332
- तमाड़ – 18,751
- नगड़ी – 18,250
- नामकुम – 17,958
- ओरमांझी – 17,840
- बुढ़मू – 17,765
- अनगड़ा – 16,705
- हेहल शहरी क्षेत्र – 16,308
- अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 13,347
- सोनाहातू – 13,088
- लापुंग – 11,784
- इटकी – 10,135
- बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 10,042
- राहे – 9,531
- नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,504
- खलारी – 9,597
- नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,216
- बुंडू – 8,556
- बुंडू नगर पंचायत – 3,558
- कांके शहरी क्षेत्र – 1,280
महिला सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम
रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. त्योहार से पहले महिलाओं के खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण उन्हें आर्थिक रूप से सहयोग प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे.
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग करना है. अक्टूबर महीने की राशि के भुगतान से रांची जिले की करीब 3.94 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिला है. अब लाभुक महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल अपनी घरेलू जरूरतों और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए कर सकेंगी.
इसे भी पढ़े : निशा भगत की मौत पर उबाल, आज गुमला बंद का आह्वान
