RANCHI : झारखंड से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार, 7 अक्टूबर को रांची समेत राज्य के 14 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार करीब पचास किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम में बदलाव का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
रांची समेत इन 14 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में मौसम का असर देखने को मिल सकता है.इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. कुछ जगहों पर वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है.
7 से 9 अक्टूबर तक बना रहेगा मौसम का असर
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार, 7 से 9 अक्टूबर तक झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. राजधानी रांची में 7 और 8 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है. वहीं, 10 और 11 अक्टूबर को राज्य के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
तापमान में भी आएगा बदलाव
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा. रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री रहने का अनुमान है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम करीब 23 डिग्री रह सकता है. धनबाद और बोकारो में दिन का तापमान 31 से 32 डिग्री, जबकि रात में तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. वहीं, पलामू में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और गुमला में 28 से 30 डिग्री के आसपास रह सकता है.
5 अक्टूबर को रांची में 30.6 डिग्री रहा तापमान
इससे पहले 5 अक्टूबर को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. अब बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है.
